सुपौल। रविवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (BSLSA) के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल द्वारा अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिकाओं के सम्मान एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल श्री राजेश कुमार बच्चन के निर्देशन में तथा सचिव श्री अमित गौरव के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा, खेलकूद एवं अदम्य साहस के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। शैक्षणिक क्षेत्र में चांदनी कुमारी, करिश्मा कुमारी, कृति कुमारी एवं स्वाति कुमारी को सम्मानित किया गया। खेलकूद के क्षेत्र में हाई जंप में भवानी कुमारी तथा एथलेटिक्स में लक्ष्मी कुमारी को सम्मान दिया गया। इसके अलावा साहस और बहादुरी दिखाने वाली दो अन्य बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजेश कुमार बच्चन, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्री राहुल उपाध्याय, अपर सत्र न्यायाधीश-सह-विशेष न्यायाधीश (POCSO) श्री राजेश कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री रामचंद्र प्रसाद, सचिव श्री अमित गौरव, SDJM श्रीमती नंदिता कुमारी, SDJM श्रीमती निधि जायसवाल, प्रधान दंडाधिकारी किशोर न्याय बोर्ड श्री शोभित सौरव, बार एसोसिएशन के सचिव श्री सुधीर मिश्रा और बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती अफसरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिला न्यायिक पदाधिकारियों ने बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बालिकाओं की उपलब्धियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सचिव श्री अमित गौरव ने बालिकाओं को उनके विधिक अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में सम्मानित बालिकाओं के अभिभावक, उनके विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, पैनल अधिवक्ता, पारा विधिक स्वयंसेवक और अन्य लोग मौजूद रहे। मंच संचालन श्री सुदीप पांडेय ने किया और धन्यवाद ज्ञापन सुश्री राखी कुमारी ने किया।

