सुपौल। उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को लोरिक महोत्सव के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव में प्रस्तुति हेतु कलाकारों के चयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कलाकार चयन समिति के सदस्यों से मंतव्य एवं सुझाव लिए गए। महोत्सव में मुख्य रूप से स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने की बात कही गई, साथ ही राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुति सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। स्थानीय व राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के बेहतर सामंजस्य से महोत्सव को सफल बनाने पर बल दिया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा महोत्सव में लगाए जाने वाले स्टॉलों पर भी चर्चा की गई। सभी विभागों को अपने-अपने स्टॉल में विभागीय उत्कृष्ट कार्यों की प्रस्तुति एवं प्रदर्शन की जिम्मेदारी दी गई। स्टॉलों में विकासात्मक कार्यों एवं उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार, वरीय उप समाहर्ता संजीत कुमार, सामान्य शाखा प्रभारी मुकेश कुमार, समिति सदस्य दयानंद भारती, मुन्ना चमन, देवेंद्र प्रसाद यादव, जितेंद्र कुमार यादव, अरुण कुमार सहित चयन समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।

