सुपौल में जदयू का सुशासन दिवस एवं नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजितनेताओं ने गिनाईं 20 वर्षों की उपलब्धियां, विकास और सुशासन पर हुई चर्चा

सुपौल।

बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों और सुशासन की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को सुपौल शहर के एक रिसॉर्ट में जिला जनता दल यूनाइटेड के तत्वावधान में सुशासन दिवस एवं नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने की। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व मंत्रियों एवं हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान बिहार में विकास, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और सुशासन की यात्रा पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अजीत चौधरी ने कहा कि 24 नवंबर 2026 का दिन बिहार के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। वर्ष 2005 से पहले के बिहार और आज के बिहार में जमीन-आसमान का अंतर है। उस समय कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अनेक चुनौतियां थीं। लोगों के बीच असुरक्षा और निराशा का माहौल था। वर्ष 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास एवं सुशासन की नई यात्रा शुरू की, जिसने राज्य की तस्वीर बदलने का काम किया।
पिपरा विधायक रामविलास कामत ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में कानून का राज स्थापित करने के साथ न्याय के साथ विकास और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी। जीविका के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, सड़कों और पुलों का निर्माण, हर घर बिजली, कृषि रोडमैप, रोजगार एवं उद्योग को बढ़ावा देने जैसे कार्यों से बिहार में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने सात निश्चय योजना, बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम और जाति आधारित गणना जैसे महत्वपूर्ण कदमों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहल बताया।
निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में फरक्का जल संधि, जल-जीवन-हरियाली अभियान और महत्वपूर्ण भवनों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य में आधारभूत संरचनाओं के विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
त्रिवेणीगंज विधायक सोनम रानी सरदार ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार का विकास करने के साथ राज्य के गौरव को भी पुनर्स्थापित किया है। वर्ष 2005 से पहले बिहार से बाहर बिहारी शब्द को अपमान की नजर से देखा जाता था, लेकिन आज बिहारी कहलाना सम्मान की बात बन गई है।
बिहार विधान परिषद के पूर्व कार्यकारी सभापति हारून रशीद ने नीतीश कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, डॉ. राम मनोहर लोहिया, बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को जमीन पर उतारने का प्रयास किया है। उन्होंने नीतीश कुमार को आधुनिक युग का भागीरथ बताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से गंगा का पानी नालंदा के राजगीर, नवादा और गया के बोधगया तक पहुंचा है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक लखन ठाकुर, भगवान चौधरी, युगल किशोर अग्रवाल, जगदीश यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरेकांत झा, रामचंद्र यादव, योगेश कुशवाहा ,खुर्शीद आलम, ओम प्रकाश यादव, प्रमोद कुमार मंडल, गगन ठाकुर, गुंजन सिंह, जीवनेश्वर साह, दिनेश पासी, मकसूद आलम, पूनम देवी, प्रियंका यादव, डॉ. सज्जाद आलम, निर्धन पासवान, ऋषभ मंडल, अजय अजनबी, दिलीप यादव, सुरेश सिंह, उपेंद्र मंडल, कमाल साहब, अजय आनंद, अनिल खेरवार, नथुनी मंडल, अमरदेव कामत, कमल यादव, जयप्रकाश जया, पप्पू साह एवं सागर यादव सहित कई नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!