देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

नगर परिषद सुपौल के वार्ड नंबर-25 में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे थे दोनों आरोपी, पुलिस ने छापेमारी कर हथियार बरामद किया

सुपौल।

जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सुपौल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को देसी पिस्टल एवं जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस से मिली जानकारी के मुताबिक 23 नवंबर को सदर थाना के पुलिस पदाधिकारी को सूचना मिली कि नगर परिषद सुपौल के वार्ड नंबर-25 में दो युवक हथियार के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। दोनों के किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की आशंका जताई गई थी।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए संबंधित इलाके में छापेमारी की। इस दौरान दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार (23 वर्ष), पिता रवि कामत कुमार, वार्ड नंबर-24, नगर परिषद सुपौल तथा विक्रम कुमार (20 वर्ष), पिता मदन मलिक, वार्ड नंबर-26, नगर परिषद सुपौल के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस मामले में सदर थाना में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर अनुसंधान शुरू कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही बरामद हथियार के स्रोत एवं संभावित आपूर्ति नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!