सुपौल नगर क्षेत्र में नो एंट्री का समय बढ़ाकर रात्रि 10 बजे तक किया गया

सुपौल नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बड़े एवं भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध की अवधि में आंशिक संशोधन किया गया है।

पूर्व में सुपौल नगर क्षेत्र में सुबह 08:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक बड़े एवं भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित था। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है, जिससे जान-माल की क्षति के साथ यातायात एवं विधि-व्यवस्था संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

स्थिति की गंभीरता एवं जनहित को देखते हुए अब सुपौल नगर क्षेत्र में नो एंट्री का समय सुबह 08:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक, रविवार सहित, प्रभावी रहेगा। उक्त समयावधि में ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर, हाईवा एवं अन्य सभी प्रकार के बड़े/भारी मालवाहक वाहनों का नगर क्षेत्र में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

हालांकि, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस एवं प्रशासनिक वाहन, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति से जुड़े वाहन, दुग्ध आपूर्ति वाहन, चिकित्सा सामग्री ले जाने वाले वाहन तथा प्रशासन से अनुमति प्राप्त वाहनों को उक्त प्रतिबंध से छूट रहेगी।

निर्धारित नो एंट्री व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित स्थलों पर बैरिकेडिंग एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा यातायात व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।

नो एंट्री आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन, सुपौल आम नागरिकों से अपील करता है कि शहर में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात बनाए रखने में सहयोग करें तथा निर्धारित नो एंट्री नियमों का पालन करें।

जिला प्रशासन, सुपौल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!