सुपौल। भारतीय स्टेट बैंक आरसेटी, सुपौल में मशरूम उत्पादन विषय पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान फैकल्टी मुकेश कुमार मुस्कान के द्वारा प्रतिभागियों को मशरूम की उन्नत नस्ल, गुणवत्तापूर्ण बीज का चयन, बीज उपचार, वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने की विधि, सिंचाई, खाद एवं उर्वरक का उचित प्रयोग, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा मशरूम के उत्पादन एवं विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
संस्थान के निदेशक अशोक कुमार के द्वारा बताया गया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं इच्छुक अभ्यर्थियों को कृषि आधारित स्वरोजगार से जोड़ना तथा उन्हें आधुनिक तकनीक के माध्यम से आय का स्थायी साधन उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम संचालक सह फैकल्टी मुकेश कुमार मुस्कान ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी भी दी गई, जिससे वे प्रशिक्षण के बाद स्वयं मशरूम उत्पादन का कार्य शुरू कर सकें और अन्य लोगों को भी रोजगार के अवसर प्रदान कर सकें।
समापन के शुभ अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया।

