सुपौल। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को सुपौल सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। पूजा समितियों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित नियमों के तहत पूजा एवं विसर्जन कार्यक्रम आयोजित करने की हिदायत दी गई।
बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन ने की। मौके पर सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार, सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत समेत पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान पूजा के आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
एसडीपीओ राजीव रंजन ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में उपस्थित पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

