सुपौल में बड़ा सड़क हादसा : ट्रक ने एक कार और तीन बाइक को रौंदा, एक की मौत, एक गंभीर

सुपौल | सोमवार रात्रि लगभग 8:00 बजे

सुपौल सदर थाना के निकट सोमवार की रात्रि लगभग 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक चार चक्का वाहन और तीन मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान सूर्यवंशी कुमार, उम्र 29 वर्ष, घर मालहनी, वार्ड नंबर 4 के रूप में हुई है।

जूस पी रहे थे, तभी आया ट्रक

जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार कुछ लोग सड़क किनारे जूस की दुकान पर जूस पी रहे थे। उसी क्रम में एक ट्रक तेज गति से आया और वहां खड़ी एक चार चक्का गाड़ी और तीन मोटरसाइकिलों को निशाने पर ले लिया।

ट्रक की टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। सूर्यवंशी कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया।

घायल युवक एक्स-रे से फरार, निजी अस्पताल पहुंचा

यातायात थाना प्रभारी उपेंद्र प्रसाद यादव ने जानकारी दी कि घायल युवक को अस्पताल लाया गया था, जहां से उसे एक्स-रे करने के लिए भेजा गया। इसी दौरान वह वहां से फरार होकर निजी अस्पताल चला गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रक और कार जब्त

घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना प्रभारी और यातायात थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक और कार को जब्त करके थाना में लगा दिया है।

यातायात थाना प्रभारी उपेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराकर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

अभी तक लिखित आवेदन नहीं मिला

थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक थाना में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ट्रक चालक के बारे में भी पुलिस जांच कर रही है कि हादसा कैसे हुआ और ट्रक इतनी तेज गति में क्यों था।

परिजनों में मातम

मृतक सूर्यवंशी कुमार की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हादसे से काफी दुखी हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सदर थाना के पास यातायात व्यवस्था को ठीक किया जाए, ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Rajeev Ranjan Singh Supaul

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!