अधिवक्ताओं के कल्याण और अधिकारों को लेकर वाराणसी में गरजा देशभर का अधिवक्ता समाज, 10वां महाधिवेशन संपन्न

निर्मली।

भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति का दो दिवसीय 10वां राष्ट्रीय महाधिवेशन उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 21 एवं 22 नवंबर को संपन्न हुआ। अधिवक्ताओं के कल्याण, अधिकार, सुरक्षा एवं न्यायिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आयोजित महाधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से आए अधिवक्ता प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन के दौरान अधिवक्ताओं की समस्याओं को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकारों, भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) तथा विभिन्न राज्य बार काउंसिलों की भूमिका पर सवाल उठाए गए।
महाधिवेशन का आयोजन वर्ष 1841 में स्थापित बनारस बार एसोसिएशन, वाराणसी के सभागार में किया गया। उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार बार काउंसिल के पूर्व उपाध्यक्ष धर्मनाथ प्रसाद यादव, बीसीआई सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी, वाराणसी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शुक्ला, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रणविजय सिंह तथा बिहार बार काउंसिल के पूर्व सदस्य पंकज कुमार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

अधिवक्ताओं की समस्याओं और कल्याणकारी योजनाओं पर उठे सवाल

महाधिवेशन के प्रथम दिन अधिवक्ताओं, मुवक्किलों एवं न्यायिक पीठ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर चर्चा हुई। वक्ताओं ने विभिन्न न्यायालयों में वकालतखाना, पुस्तकालय, शौचालय, महिला अधिवक्ताओं के लिए विशेष सुविधाएं तथा मुवक्किलों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
अधिवक्ताओं के आश्रितों को कल्याण कोष की राशि समय पर भुगतान नहीं होने, पेंशन योजना लागू नहीं किए जाने, अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लंबित रहने तथा नए अधिवक्ताओं को शुरुआती तीन वर्षों तक पांच हजार रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था लागू नहीं होने पर नाराजगी जताई गई। इसके अलावा अधिवक्ता परिवार के लिए बीमा योजना लागू करने, अनुज्ञप्तिधारी अधिवक्ताओं को एआईबीई से मुक्त करने तथा न्यायाधीशों की नियुक्ति में कॉलेजियम व्यवस्था के तहत कथित भेदभाव समाप्त कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।

मांगों को लेकर वाराणसी में निकाला मार्च
महाधिवेशन के दूसरे दिन अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में वाराणसी के तेलियाबाग चौक से करीब तीन किलोमीटर तक मार्च निकाला। इस दौरान अधिवक्ताओं ने विभिन्न बार काउंसिलों एवं बीसीआई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिवक्ता हितों की रक्षा, न्यायाधीशों की नियुक्ति में निष्पक्षता तथा कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने की मांग उठाई। मार्च के दौरान प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल तैनात किए गए थे।

कोसी प्रमंडल की ओर से रामलखन प्रसाद यादव ने रखे प्रस्ताव
महाधिवेशन के अंतिम दिन कोसी प्रमंडल, सहरसा के अध्यक्ष एडवोकेट रामलखन प्रसाद यादव को अधिवक्ताओं के मुद्दों पर अपनी बात रखने का अवसर मिला। उन्होंने अधिवक्ताओं के साथ हो रही घटनाओं को देखते हुए अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, बार संघों के कार्यकाल को दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष करने तथा वेलफेयर टिकट की बढ़ी हुई कीमत 50 रुपये के अनुरूप अधिवक्ताओं के आश्रितों को कम से कम 15 लाख रुपये कल्याण राशि देने का प्रस्ताव रखा।

उन्होंने न्यायालयों में हिंदी भाषा में मुकदमा दायर करने एवं अभिलेख तैयार करने की व्यवस्था, एआईबीई समाप्त करने, विभिन्न न्यायालयों में वकालतखाना, पुस्तकालय, शौचालय एवं मुवक्किलों के बैठने की समुचित व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट की तर्ज पर देश के सभी बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं की वरिष्ठता सूची संबंधित न्यायाधीश अथवा कार्यकारी न्यायालय के प्रधान द्वारा जारी कराने का प्रस्ताव भी रखा।
उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मनाथ प्रसाद यादव से इन प्रस्तावों को केंद्र एवं राज्य सरकारों, बीसीआई और विभिन्न राज्य बार काउंसिलों तक पहुंचाकर लागू कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन मांगों से देश के करीब 27 लाख अधिवक्ताओं का हित जुड़ा हुआ है। उनके करीब साढ़े आठ मिनट के वक्तव्य के बाद विभिन्न राज्यों से आए अधिवक्ता प्रतिनिधियों ने प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्णय लेने का आग्रह किया।

उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पद का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

महाधिवेशन के समापन समारोह में मुख्य अतिथि बीसीआई सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश राज्य अध्यक्ष पद के लिए वाराणसी बार एसोसिएशन के वर्तमान अध्यक्ष अधिवक्ता शुक्ला का नाम प्रस्तावित किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। सम्मेलन में संगठन को देशभर में मजबूत बनाने तथा अधिवक्ताओं के हितों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष रणविजय सिंह, बिहार बार काउंसिल के पूर्व सदस्य एवं हाईकोर्ट अधिवक्ता पंकज कुमार, छपरा बार अध्यक्ष दूधनाथ राय, नवादा के सुमन कुमार, बक्सर के रविंद्र सिंह यादव सहित दिल्ली, झारखंड, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों से आए अधिवक्ता प्रतिनिधि मौजूद थे। बनारस बार एसोसिएशन के विभिन्न पदाधिकारियों को शॉल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!