
लोकल बालू और घटिया सीमेंट के इस्तेमाल का दावा, शिकायत पर विभाग ने काम रोकने और सामग्री बदलने का दिया निर्देश।

वरदान न्यूज / सुनील कुमार
पिपरा (सुपौल): पिपरा प्रखंड के थुमहा पंचायत स्थित वार्ड संख्या-9 में कायाकल्प योजना के तहत कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में कथित भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य में लोकल बालू और घटिया सीमेंट के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के मुखिया दिनेश चौधरी की देखरेख में कराए जा रहे निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। सड़क निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे बालू और सीमेंट की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सीमेंट, बालू और गिट्टी का निर्धारित अनुपात भी सही नहीं रखा जा रहा है। वहीं, ढलाई के बाद समुचित पानी का छिड़काव एवं आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने की बात भी सामने आई है।
लोगों को आशंका है कि यदि इसी तरह निर्माण कार्य जारी रहा तो सड़क कुछ ही दिनों में टूटकर बिखर सकती है। सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद गुणवत्ताहीन सड़क बनने से योजना के उद्देश्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

छह युवाओं की मौत के मातम के बीच निर्माण गुणवत्ता पर सवाल
थुमहा गांव अभी अररिया में हुए सड़क हादसे में छह युवाओं की दर्दनाक मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया है। गांव में मातम का माहौल है। इसी बीच सड़क निर्माण में कथित अनियमितता सामने आने से ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मुखिया एवं निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को गुणवत्ता में सुधार करने की शिकायत की गई, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रखंड स्तर पर शिकायत कर जांच एवं कार्रवाई की मांग उठाई।
विभाग ने काम रोकने और सामग्री बदलने का दिया निर्देश
मामले को लेकर प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी मनीकान्त कुमार ने बताया कि घटिया निर्माण की शिकायत एवं जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने संबंधित मुखिया को तत्काल काम रोकने तथा निर्माण सामग्री बदलने का निर्देश दिया है। साथ ही विभागीय कनीय अभियंता (जेई) को योजना स्थल पर मौजूद रहकर तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच के दौरान यदि निर्माण कार्य में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
ग्रामीणों की मांग है कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता की जांच हो तथा मानक के विपरीत निर्मित हिस्से को हटाकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए। साथ ही सरकारी राशि के दुरुपयोग के दोषी पाए जाने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि विभागीय निर्देश के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कितना सुधार होता है और जांच में सामने आने वाली अनियमितताओं पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।
