DAWN Scheme के तहत विद्यालयों में नशामुक्ति एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सुपौल।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), सुपौल की ओर से DAWN Scheme के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में नशामुक्ति एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस क्रम में सुपौल स्थित जेवियर स्कूल और उत्क्रमित माध्यमिक उच्च विद्यालय, मरौना में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों, उससे बचाव तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्हें मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया गया। साथ ही नशे की लत से बचाव, मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम तथा इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों से अपने साथियों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।
सेंट जेवियर्स हाई स्कूल सुपौल में आयोजित कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता शीलभद्र सिंह एवं पारा विधिक स्वयंसेवक प्रमोद कुमार ने सहभागिता की। वहीं, उत्क्रमित माध्यमिक उच्च विद्यालय, मरौना में कार्यक्रम सिविल जज (सीनियर डिवीजन), निर्मली डॉ. श्याम नाथ साह के समन्वय तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के सचिव अमित गौरव के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्वयंसेवी संस्था कोशी प्रहरी, सुपौल के रामचंद्र यादव, कोसी प्रभारी सचिव अशोक कुमार, जीपीएसवीएस-यूनिसेफ के प्रमोद कुमार, कोशी प्रहरी के कोऑर्डिनेटर प्रमोद कुमार, निर्मली बार के अधिवक्ताओं, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा पारा विधिक स्वयंसेवक विश्वनाथ कुमार ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के आयोजन में स्वयंसेवी संस्था कोशी प्रहरी का सहयोग एवं समन्वय रहा।
यह अभियान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल राजेश कुमार बच्चन के दिशा-निर्देश तथा प्राधिकार के सचिव अमित गौरव के पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार बच्चन ने कहा कि युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार एवं समाज पर भी प्रतिकूल असर डालता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
वहीं, DLSA सचिव अमित गौरव ने कहा कि DAWN Scheme के तहत विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव और उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। बच्चों एवं युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता तथा विभिन्न विभागों और संस्थाओं के समन्वित प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि DLSA, सुपौल विद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से इस दिशा में लगातार काम कर रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना तथा नशामुक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!