DM अंशुल कुमार ने किया उद्घाटन, 150 सीटों वाली लाइब्रेरी में मिलेंगी नि:शुल्क सुविधाएं
पूर्णिया।
जिला प्रशासन के सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान’ के तहत पूर्णिया जिला स्कूल परिसर में वर्षों से खंडहर पड़े जर्जर भवन की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है।
प्रशासन ने इस भवन का जीर्णोद्धार कर इसे 150 सीटों वाली अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का रूप दे दिया है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए नि:शुल्क और सर्वसुविधायुक्त माहौल तैयार हुआ है।
जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार, भा०प्र०से० ने लाइब्रेरी का शुभारंभ करते हुए मीडिया से बातचीत में बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को पहले महंगे निजी पुस्तकालयों का रुख करना पड़ता था।
अब इस पहल से छात्र बिना किसी वित्तीय बोझ के गुणवत्तापूर्ण माहौल में पढ़ाई कर सकेंगे। लाइब्रेरी में हाई-स्पीड वाई-फाई, डिजिटल स्टडी मटेरियल, प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, शांत वातानुकूलित हॉल और सीसीटीवी सुरक्षा जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इस पहल से जिले के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को UPSC, BPSC, SSC, बैंकिंग एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ी मदद मिलेगी।
