विशेष एनआई लोक अदालत एवं राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर पीएलवी ने चलाया जागरूकता अभियान

सुपौल।

आगामी विशेष एनआई लोक अदालत एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन और आमलोगों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) ने विभिन्न क्षेत्रों में आम नागरिकों के बीच पर्चे वितरित कर लोक अदालत के उद्देश्यों और इसके लाभों की जानकारी दी।
इस दौरान पीएलवी ने लोगों को बताया कि लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के सुलहनीय मामलों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर त्वरित और सरल निष्पादन कराया जा सकता है। इससे लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलने के साथ ही समय और धन की भी बचत होती है।
अभियान के दौरान आमजनों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के कार्यों एवं उद्देश्यों से भी अवगत कराया गया। पीएलवी ने लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी परामर्श, मध्यस्थता और सुलह-समझौते की सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने में प्राधिकार की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताया।
जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और न्यायिक प्रक्रिया को सुलभ बनाना है। इसके माध्यम से लोगों को अपने लंबित एवं सुलहनीय मामलों का समाधान लोक अदालत के जरिए कराने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी विशेष एनआई लोक अदालत एवं राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक भागीदारी करें और अपने लंबित एवं सुलहनीय मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित न्यायालय अथवा प्राधिकार से संपर्क कर इस सुविधा का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!