
पूर्णिया से बड़ी खबर | वरदान न्यूज
पूर्णिया। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन और मद्यनिषेध विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत मद्यनिषेध विभाग की टीम ने रूपौली थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक व्यक्ति को 135 पीस कोडीनयुक्त कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद सिरप की कुल मात्रा 13.5 लीटर बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी पूर्णिया श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देश पर नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मद्यनिषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर रूपौली थाना क्षेत्र में विशेष कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को 135 पीस (13.5 लीटर) कोडीनयुक्त कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद जब्त नशीले कफ सिरप के मामले में नियमानुसार अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त मद्यनिषेध, पूर्णिया के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशीले एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे कारोबारियों के विरुद्ध लगातार छापेमारी और सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
नशे के अवैध कारोबार पर प्रशासन की पैनी नजर, कार्रवाई से मचा हड़कंप।
