सुपौल। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर सुपौल पुलिस द्वारा “पुलिस दीदी” पहल के तहत जिले भर में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
इस पहल के तहत पुलिस दीदी की टीम प्रतिदिन स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर छात्राओं और महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, साइबर अपराध से बचाव, महिला हेल्पलाइन नंबर, आपातकालीन सेवा 112 और कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दे रही है।
पुलिस दीदी द्वारा नियमित गश्ती और जनसंपर्क कर महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जा रहा है।
स्कूलों में संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बाल विवाह, दहेज प्रथा, नशा मुक्ति, लैंगिक समानता और सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल को लेकर भी जागरूक किया जा रहा है।


