
DDC अरुण कुमार बोले – मशरूम उत्पादन कम लागत का बेहतर स्वरोजगार
उदाकिशुनगंज/मधेपुरा ( वरदान न्यूज)

SBI RSETI, मधेपुरा द्वारा उपकारा उदाकिशुनगंज में ऑफ-कैंपस के तहत आयोजित मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, मधेपुरा श्री अरुण कुमार* मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए कहा कि मशरूम उत्पादन कम लागत में शुरू किया जा सकने वाला स्वरोजगार का बेहतर माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का व्यावहारिक उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
DDC ने SBI RSETI द्वारा संचालित कौशल एवं स्वरोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण लोगों को व्यावहारिक कौशल से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर SBI RSETI, मधेपुरा के निदेशक श्री अरुण कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को व्यावहारिक एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपकारा उदाकिशुनगंज के अधीक्षक श्री राकेश कुमार, उपाधीक्षक श्री भूतेश कुमार एवं सहायक अधीक्षक श्री अंकित कुमार उपस्थित रहे। जेल प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण के सफल संचालन में आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के संचालन में फैकल्टी श्री राजन कुमार सिंह एवं सहायक श्री लोकश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन की तकनीक, प्रक्रिया, आवश्यक संसाधन, रख-रखाव तथा व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई।
प्रमाण-पत्र प्राप्त होने पर प्रशिक्षणार्थियों में काफी उत्साह देखा गया।
