
DM अंशुल कुमार ने खिलाड़ियों के हाथों दीप प्रज्वलित करवाकर किया उद्घाटन, 2,000 छात्र-छात्राएं ले रहे भाग
पूर्णिया वरदान न्यूज।
जिला प्रशासन, पूर्णिया के तत्वावधान में सोमवार को स्थानीय जिला स्कूल के प्रांगण में तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आधिकारिक शुभारंभ किया गया।
इस आयोजन में एक अनुकरणीय पहल देखने को मिली, जब जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार, भा०प्र०से० ने स्वयं खिलाड़ियों को आदरपूर्वक मंच पर आमंत्रित कर उनके हाथों दीप प्रज्वलित करवाकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत कराई।

इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 2,000 छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं।
समारोह के दौरान मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें प्रोत्साहित करना और एक सशक्त मंच प्रदान करना है।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा –
“इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय टीम के लिए किया जाएगा। इसके पश्चात वे प्रमंडल एवं राज्य स्तरीय टीमों का हिस्सा बनकर भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पूर्णिया और बिहार का नाम रोशन करेंगे।”
जिलाधिकारी महोदय ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं से पूरी ईमानदारी, अनुशासन और खेल भावना (Sportsmanship) के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
