वरदान न्यूज/मधेपुरा।
प्रखंड क्षेत्र के खाड़ा पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन के सभागार में सोमवार को एक विशेष आम सभा का आयोजन किया गया। पंचायत के मुखिया ध्रुव कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना वर्ष 2024 के तहत पात्र लाभुकों को पक्के मकान का लाभ सुलभ कराना और योजना से जुड़ी प्रक्रियाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करना था। पक्के मकान का सपना संजोए बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत सरकार भवन पहुंचे और योजना से संबंधित विस्तृत जानकारियां प्राप्त कीं।आम सभा का मुख्य एजेंडा प्रधानमंत्री आवास योजना वर्ष 2024 के तहत चिन्हित 1220 लाभुकों की सूची और उससे जुड़े कार्यों पर विचार-विमर्श करना था। सभा के दौरान योजना के क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दोहराया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पात्र लाभुकों को इस योजना का शत-प्रतिशत लाभ दिलाया जाएगा।मुखिया ध्रुव कुमार ठाकुर ने अपने संबोधन में योजना के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता बरतने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित पात्रता मानकों के आधार पर ही लाभुकों का जमीनी स्तर पर सत्यापन किया जाएगा। और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी अपात्र परिवार का चयन न हो सके। केवल वास्तविक और जरूरतमंद गरीब परिवारों को ही पक्के मकान की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ मिले।ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों की उपस्थिति में सूची का सार्वजनिक वाचन किया गया, जिसे पंचायत में पारदर्शिता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इस विशेष आम सभा में पंचायत के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रमुख रूप से मुखिया ध्रुव कुमार ठाकुर, सरपंच मुन्नी देवी, उपमुखिया कंपनी मुखिया, वार्ड सदस्य रंजीत ठाकुर, अरुण तांती और राजकिशोर राम। तो प्रशासनिक व तकनीकी कर्मी में पंचायत सचिव विजय कुमार, आवास सहायक प्रिंस कुमार, पंचायत रोजगार सेवक विकास कुमार, कार्यपालक सहायक कृष्ण कुमार और स्वच्छता पर्यवेक्षक विभाकर झा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


