सुपौल, 28 सितंबर 2026: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और जांच की मांग को लेकर जिला कांग्रेस ने आज सुपौल में जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अनुपम के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कार्यालय से लोकतंत्र बचाओ मार्च निकाला गया जो शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए समाहरणालय पहुंचा।
इस दौरान हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। समाहरणालय गेट पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका, जिसके बाद गेट पर ही सांकेतिक पुतला दहन किया गया।
मार्च के बाद जिलाध्यक्ष अनुपम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मिलकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
मुख्य मांगें:
- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और वोट चोरी के आरोप में गिरफ्तारी
- चुनाव आयोग के निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा और बेईमानी से हुए चुनावों को रद्द करना
जिलाध्यक्ष अनुपम ने कहा – “कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि मतदाता के अधिकार, चुनावी पारदर्शिता और लोकतंत्र की संवैधानिक मर्यादा की रक्षा के लिए है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार मतदाता सूची और SIR को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। अब दो चुनाव आयुक्तों द्वारा 10 महीने में 14 बार आपत्ति दर्ज करने की रिपोर्ट से धांधली की पुष्टि होती है। वोट की रक्षा, लोकतंत्र की रक्षा और संविधान की रक्षा यही कांग्रेस का संकल्प है।”


