
पूर्णिया के प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी में कलाकारों से की बातचीत, सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना की
पूर्णिया, वरदान न्यूज
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के माननीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने शनिवार को पूर्णिया में संचालित अम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र (प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी), पूर्णिया का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने केंद्र में संचालित विभिन्न कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा कलाकारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

माननीय मंत्री के आगमन पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री पंकज कुमार पटेल द्वारा पौधा एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। श्री पटेल ने केंद्र में संचालित प्रशिक्षण एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी मंत्री को दी तथा जिले में कला एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कलाकारों एवं प्रतिभागियों से बातचीत की तथा शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय नृत्य एवं शास्त्रीय वादन के साथ-साथ लोक कला, लोकगीत, लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक विधाओं के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
मंत्री ने कहा कि बिहार की समृद्ध लोक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना तथा नई पीढ़ी को इससे जोड़ना कला एवं संस्कृति विभाग की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। कलाकारों को बेहतर मंच एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर उन्होंने बल दिया।
इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने कहा कि पूर्णिया में कला-संस्कृति की गतिविधियों को निरंतर विस्तार दिया जा रहा है और अम्रपाली केंद्र के माध्यम से स्थानीय युवाओं को विभिन्न विधाओं से जोड़ा जा रहा है।
