मौलाना आजाद का देश की आजादी, कांग्रेस की मजबूती और शिक्षा व्यवस्था को संवारने में अहम योगदान: अनुपम

सुपौल।

जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को कांग्रेस पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग की ओर से स्वतंत्रता सेनानी एवं देश के प्रथम शिक्षा मंत्री भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद की 138वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह जिलाध्यक्ष अनुपम उपस्थित हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौलाना आजाद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुपम ने कहा कि मौलाना आजाद देश के पहले शिक्षा मंत्री होने के साथ-साथ कांग्रेस के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष भी रहे थे। उन्होंने अंग्रेजों की विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए हिंदू-मुस्लिम एकता और राष्ट्रीय एकता के लिए संघर्ष किया। देश की आजादी, कांग्रेस संगठन की मजबूती और स्वतंत्रता के बाद भारतीय शिक्षा व्यवस्था को दिशा देने में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि मौलाना आजाद ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए कठिन परिस्थितियों में कांग्रेस का नेतृत्व किया और कई बार जेल गए। आजादी के बाद शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने देश में उच्च शिक्षा और शैक्षणिक संस्थानों के विकास की नींव मजबूत की।
अनुपम ने कहा कि मौलाना आजाद ने भारत विभाजन का पुरजोर विरोध किया था। महात्मा गांधी के नेतृत्व में खिलाफत आंदोलन और असहयोग आंदोलन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने धार्मिक आधार पर देश को बांटने की अंग्रेजों की नीति का लगातार विरोध किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए मौलाना अबुल कैश ने जिलाध्यक्ष अनुपम के संबोधन की सराहना की। उन्होंने कहा कि अनुपम मौलाना आजाद के विचारों और आदर्शों पर मजबूती से चल रहे हैं। वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश कुमार मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि जिला कार्यालय में स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और उनके विचारों पर गंभीर चर्चा होना खुशी की बात है। इससे नई पीढ़ी को उनके योगदान और आदर्शों को समझने का अवसर मिलता है।
मौके पर नरेश कुमार मिश्र, मो. सगीर आलम, संजीव कुमार सिंह, ललित कामत, अभय तिवारी, मोहम्मद कलीमुल्लाह, मो. उस्मान आजाद, मोहम्मद तनवीर, सत्येंद्र कुमार चुनचुन, एहसान आलम, नजीबुर रहमान, मोहम्मद इनायत, मुहम्मद शाहनवाज, मोहम्मद कामरान, मोहम्मद रियाजुद्दीन, मो. अफरोज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!