सुपौल। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्यूलर) के बैनर तले शनिवार को सुपौल के गांधी मैदान में गरीब चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गरीब चौपाल यात्रा के तहत कार्यक्रम में पहुंचे गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनसे संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर आवेदन सौंपे। कार्यक्रम में लोगों को आश्वस्त किया गया कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को संबंधित विभाग एवं अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।
कार्यक्रम में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्यूलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, डॉ. अनिल कुमार सिंह, राष्ट्रीय सचिव दिलीप कुमार यादव, जिलाध्यक्ष श्याम कुमार सादा, जिला प्रधान महासचिव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गरीब चौपाल के दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं को पदाधिकारियों के समक्ष रखा और विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं से संबंधित मांगों को लेकर आवेदन दिए। कार्यक्रम के आयोजकों ने लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।

