पूर्णिया में फल-फूल रहे मादक पदार्थों के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहे स्मैक तस्करी के सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस विशेष अभियान में पुलिस ने पार्लर संचालिका समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ अभिनव पराशर ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 22 अगस्त को सदर और के. हाट थाना क्षेत्रों में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया था। इसी दौरान सूचना मिली कि के. हाट थाना क्षेत्र के जनता चौक स्थित ध्रुव उद्यान के पास संचालित राधा ब्यूटी पार्लर की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर के. हाट और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से ब्यूटी पार्लर में छापेमारी की। वहां से पुलिस ने स्मैक, 74,800 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद करते हुए पार्लर संचालिका को गिरफ्तार कर लिया।
