मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में जमीन पर कब्जे और बाउंड्री तोड़ने के मामले में पुलिस ने रविवार को कार्रवाई शुरू की। सीतामढ़ी के बेलसंड से लोजपा (रामविलास) विधायक अमित कुमार रानू के मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर पुलिस ने छापेमारी की। कोर्ट के आदेश के बाद बड़ी संख्या में पुलिस टीम ने विधायक के आवास की तलाशी ली। यह पूरा मामला दो दिन पहले हुए जमीन विवाद और बाउंड्री तोड़े जाने की घटना से जुड़ा है। एसडीपीओ टाउन-2 बिनीता सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने सर्च वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की।
पीड़ित पक्ष की ओर से अहियापुर पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। इस मामले में विधायक के भाई का नाम भी सामने आया है।
अहियापुर में दो दिन पहले हुई घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया था कि लोजपा (रामविलास) विधायक अमित कुमार रानू के भाई अपने भाई की पार्टी के झंडे लगी गाड़ी और जेसीबी के साथ करीब 50 लोगों को लेकर मौके पर पहुंचे और बाउंड्री तोड़ दी। पीड़ित पक्ष ने घटना का वीडियो भी बनाया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
