जिलाधिकारी ने पल्स पोलियो राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान (SNID-2026) का किया शुभारंभ

0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से संचालित पल्स पोलियो राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान (SNID-2026) का शुभारंभ आज दिनांक 22.11.2026 को श्री सावन कुमार, भा.प्र.से., जिलाधिकारी, सुपौल द्वारा बसंतपुर प्रखंड के रानीगंज, भगवानपुर स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-18 में बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया गया। यह अभियान 22 नवंबर 2026 से 26 नवंबर 2026 तक संचालित होगा।
इस अवसर पर डॉ. ममता कुमारी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, श्री बाल कृष्ण चौधरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DHS), शशि भूषण प्रसाद DMEO, नीरज कुमार सिंह, DC, JSI, प्रा0 स्वास्थ केंद्र, बसंतपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, CDPO बसंतपुर, बीएचएम, बीसीएम, बीएम एंड ई सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने तथा प्रत्येक लक्षित बच्चे तक पहुँच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिले में इस अभियान के अंतर्गत 4,26,948 घरों में पहुँचकर 4,93,875 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन हेतु 970 हाउस-टू-हाउस टीम, 92 ट्रांजिट टीम, 18 मोबाइल टीम, 123 वन मैन टीम, 345 पर्यवेक्षक, 148 स्वास्थ्य संस्थान, 749 आईसीडीएस केंद्र, 949 आशा कार्यकर्ता तथा 685 स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाकर उन्हें आजीवन पोलियो से सुरक्षित रखने में सहयोग करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!