
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना पर उदाकिशुनगंज में कार्यशाला आयोजित
उदाकिशुनगंज, 11.08.2026
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी इंस्पायर अवार्ड मानक योजना को लेकर मंगलवार को प्रखंड संसाधन केंद्र उदाकिशुनगंज में एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी मध्य एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा कक्षा 6 से 12 तक के विज्ञान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। उन्हें योजना के उद्देश्यों, चयन प्रक्रिया और आवेदन की ऑनलाइन विधि की विस्तृत जानकारी दी गई।
10 हजार रुपये की मिलेगी प्रोत्साहन राशि
प्रखंड तकनीकी टीम के सदस्य *शैलेश कुमार चौरसिया ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा संचालित इस योजना का मुख्य उद्देश्य कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करना है।
उन्होंने कहा, “जिन विद्यार्थियों के नवाचार/आइडिया का चयन होगा, उन्हें अपना मॉडल तैयार करने के लिए डीबीटी के माध्यम से 10,000 रुपये की राशि दी जाएगी।”
ऑनलाइन आवेदन और समय-सीमा पर जोर
प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को बताया कि विद्यालयों में चयनित विद्यार्थियों के नवाचारों को निर्धारित पोर्टल पर कैसे दर्ज किया जाए। साथ ही आवश्यक जानकारी भरने और समय-सीमा के भीतर आवेदन भेजने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई।
कार्यशाला में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग और हर घर तिरंगा अभियान-2026 के बारे में भी जानकारी दी गई।
BEO ने समय पर नॉमिनेशन का निर्देश दिया
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी श्री सागर कुमार चौधरी ने सभी विद्यालय प्रधानों से अपील की कि वे अपने विद्यालय के छात्र-छात्राओं का नॉमिनेशन इंस्पायर अवार्ड की वेबसाइट पर ससमय अपलोड कराना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इस योजना का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में तकनीकी टीम के सदस्य मंजर आलम, बंदना कुमारी, प्रशिक्षक हरिदेव कुमार, वर्षा कुमारी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं विज्ञान शिक्षक उपस्थित रहे।
