सुपौल में 500 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एसपी ने थाना पहुंचकर की पूछताछ

वरदान न्यूज/सुपौल

सुपौल। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 500 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को इस मामले में सुपौल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरथ आर. एस. स्वयं किशनपुर थाना पहुंचे और गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कमलपुर की ओर से स्मैक की बड़ी खेप किशनपुर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर किशनपुर-कमलपुर पथ स्थित बैरिया मोड़ के समीप वाहन जांच और घेराबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 500 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान किशनपुर थाना क्षेत्र के सिंगिआवन गांव निवासी अभिषेक कुमार एवं संजीत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसपी सरथ आर. एस. ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है और पिछले एक महीने में विभिन्न थानों को कई महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में किशनपुर थानाध्यक्ष के अलावा एसआई लक्ष्मण कुमार, एसआई विवेक कुमार एवं अन्य पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!