

वरदान न्यूज । सुपौल
आज दिनांक 16.04.2026 को अपराह्न 4:00 बजे समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में श्री सावन कुमार, भा0प्र0से0, जिलाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में भारत की जनगणना 2027 के कार्यों की समीक्षा बैठक की गई। समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त साह वरीय नोडल अधिकारी (जनगणना), अपर समाहर्ता जिला जनगणना अधिकारी के साथ जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी अनुमंडल पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं सभी चार्ज जनगणना अधिकारी (ग्रामीण एवं शहरी) उक्त बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य जो दिनांक 2.05.2026 से 31.05.2026 तक किया जाना निर्धारित है से पहले आम नागरिकों के लिए दिनांक 17.04.2026 से 1.05.2026 तक 15 दिनों के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) का प्रावधान किया गया है। स्व-गणना में इच्छुक व्यक्ति se.census.gov.in वेब पोर्टल पर अपनी एंट्री करते हुए सभी 33 प्रश्नों का सही-सही जवाब भरकर सबमिट कर सकते हैं। सबमिट करने पर उन्हें SEID जो H अक्षर के साथ 11 अंकों का होता है, प्राप्त होगा, उसे सुरक्षित रखना है। प्रगणक द्वारा आईडी मांगे जाने पर उसे उपलब्ध कराना होगा तथा प्रगणक उसे सत्यापित करेंगे। जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी कार्यालय प्रधान, सभी अनुमंडलीय स्तरीय पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी स्व-गणना कार्य में अपनी सक्रियता सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अपने अधीनस्थ कर्मियों को अपना तथा अपने पड़ोसियों एवं संबंधियों को स्व-गणना करने हेतु प्रेरित करने के लिए निर्देशित करें। जनगणना निदेशालय से जिले के लिए नामित जिला समन्वयक(Resource Person) श्री शशि किरण ने वीडियो एवं लाइव एंट्री के माध्यम से पूरी प्रक्रिया को विस्तार से बताया।
