प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन, सुपौल डॉ0 बाबू साहब झा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री बालकृष्ण एवं अस्पताल प्रबंधक श्री अभिनव झा उपस्थित रहे। सिविल सर्जन एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक द्वारा उपस्थित चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण में जिले के सभी आयुष चिकित्सा पदाधिकारियों (आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी) ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान डॉ. मो. शमीम कमर, यूनानी चिकित्सा पदाधिकारी सह प्रभारी जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी, सुपौल, डॉ. प्रवेश शर्मा, आयुर्वेदिक चिकित्सा पदाधिकारी, हरदी तथा डॉ. रवि प्रकाश, होम्योपैथिक चिकित्सा पदाधिकारी, जिला संयुक्त औषधालय, सहरसा द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण में मुख्य रूप से जोड़ों के दर्द एवं मस्कुलोस्केलेटल डिसऑर्डर से संबंधित समस्याओं के उपचार तथा आयुष पद्धति के माध्यम से इनके प्रभावी प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी गई।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भारत सरकार के आयुष मिशन एवं राज्य आयुष समिति, बिहार, पटना के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से मस्कुलोस्केलेटल डिसऑर्डर के उपचार संबंधी मानक दिशा-निर्देशों की जानकारी चिकित्सकों तक पहुंचाना तथा इस व्यवस्था को प्रखंड स्तर तक सुदृढ़ करना है।
प्रशिक्षण के समापन पर इस संकल्प को दोहराया गया कि प्राप्त प्रशिक्षण एवं जानकारी का लाभ आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा तथा प्रखंड स्तर पर भी आयुष चिकित्सा सेवाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा।


