साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा
सुपौल।
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने सुपौल नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों की साफ-सफाई, मरम्मत, पहुंच पथ, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व से पहले सभी घाटों पर आवश्यक तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। घाटों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
डीएम ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियों पर ध्यान दिया। प्रशासन का प्रयास है कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराया जा सके।


