वरदान न्यूज सुपौल।
सुपौल जिले में आधार कार्ड से जुड़े फर्जीवाड़े के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधार के जिला समन्वयक बरुण कुमार बसंत को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक, सुपौल के कार्यालय से 12 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पर अवैध तरीके से दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर विभिन्न प्रकार के फर्जी दस्तावेज एवं आधार कार्ड तैयार करने का आरोप है।
पुलिस द्वारा आधार फर्जीवाड़ा करने वालों के विरुद्ध व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों की पहचान सुनिश्चित कर साइबर थाना में कांड संख्या 57/26 दर्ज कर मामले का अनुसंधान शुरू किया गया था।
अनुसंधान के दौरान आधार के जिला समन्वयक बरुण कुमार बसंत, पिता शंकर पासवान, निवासी करहवाना, वार्ड संख्या-10, थाना छातापुर, जिला सुपौल के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त हुए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें एक मोबाइल फोन के साथ विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त ने आधार फर्जीवाड़े में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
आधार फर्जीवाड़े पर पुलिस की सख्ती
पुलिस अधीक्षक, सुपौल ने स्पष्ट किया है कि आधार कार्ड एवं अन्य सरकारी दस्तावेजों में अवैध तरीके से छेड़छाड़ कर फर्जीवाड़ा करने वालों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
जिला मुख्यालय से सामने आई इस कार्रवाई ने आधार से जुड़े दस्तावेजों की विश्वसनीयता और उनकी सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले तत्वों के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

