
सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश, घाटों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और चेंजिंग रूम की होगी व्यवस्था

वरदान न्यूज | पूर्णिया।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पूर्णिया जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिला पदाधिकारी के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसी कड़ी में बुधवार, 11 नवंबर 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी बायसी श्री अभिषेक कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बायसी ने अपनी-अपनी टीम के साथ बैसा प्रखंड के प्रमुख छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर चल रही तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं संभावित भीड़ को देखते हुए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा वॉच टावर की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। साथ ही आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सजग एवं सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए घाटों पर चेंजिंग रूम, शौचालय, साफ-सफाई, सुगम आवागमन तथा अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर छठ घाटों की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि लोक आस्था का यह महान पर्व पूरी श्रद्धा, सुरक्षा, स्वच्छता और सौहार्द के वातावरण में संपन्न हो।
जिला प्रशासन की सक्रियता से छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। अब श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
