


वरदान न्यूज । सुपौल
आज दिनांक 11.04.2026 को श्री सावन कुमार, भा०प्र०से०, जिलाधिकारी, सुपौल द्वारा उनके कार्यालय वेश्म में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने हेतु व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही इच्छुक आवेदकों को योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराते हुए उन्हें ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करने के लिए प्रेरित एवं सहयोग प्रदान किया जाए। बैठक के दौरान विद्युत कार्यपालक अभियंता, सुपौल श्री आलोक रंजन को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी आवश्यक कदम सुनिश्चित करें तथा कार्यों की नियमित समीक्षा करें। जिलाधिकारी ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम जनता के लिए अत्यंत लाभकारी है, जिससे न केवल बिजली बिल में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उक्त बैठक में कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, राघोपुर, सभी सहायक अभियंता एवं सभी कनीय अभियंता, सुपौल जिला वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर भाग लिए।
