सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी ने ग्वालपाड़ा में किया स्थल निरीक्षण, बाढ़ आश्रय स्थल की व्यवस्थाओं की ली समीक्षा

वरदान न्यूज । मधेपुरा

आज दिनांक 11-04-2026 को जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन द्वारा ग्वालपाड़ा प्रखंड अंतर्गत रेशना स्थित बाढ़ आश्रय स्थल एवं पावर ग्रिड सुखासन के समीप अवस्थित सरकारी भूमि का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को भूमि की वर्तमान स्थिति, सीमांकन एवं संभावित अतिक्रमण की स्थिति का विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों की पहचान कर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित हो सके। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने रेशना बाढ़ आश्रय स्थल की उपयोगिता एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में इस आश्रय स्थल को पूर्णतः क्रियाशील एवं सुव्यवस्थित बनाए रखा जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को सरकारी संपत्तियों की नियमित निगरानी करने तथा जनहित में उनके प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकारी संसाधनों के संरक्षण एवं बेहतर उपयोग की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!