

वरदान न्यूज । सुपौल
आज दिनांक 10.04.2026 को जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 03:00 बजे अपराह्न में लहटन चौधरी साभागार में समेकित बाल विकास सेवा (ICDS) के अंतर्गत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आई0 सी0 डी0 एस0, सुपौल द्वारा की गई। बैठक में जिला के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला समन्वयक, जिला मिशन समन्वयक, महिला पर्यवेक्षिका एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण ट्रैकर, टी0 एच0 आर0 वितरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पंजीकरण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनके समुचित प्रबंधन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, पोषण पखवाड़ा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों जैसेकृपोषण रैली, अन्नप्राशन, गोद भराई, स्वास्थ्य जांच शिविर एवं जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित पदाधिकारियों/कर्मियों को निर्देशित किया गया कि पोषण पखवाड़ा के दौरान अधिक से अधिक लाभुकों को जोड़ते हुए कुपोषण उन्मूलन की दिशा में ठोस कार्य सुनिश्चित करें। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन एवं सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अंत में, सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया गया, ताकि जिले में मातृ एवं शिशु पोषण की स्थिति में सुधार लाया जा सके।
