जिले में एलपीजी आपूर्ति पूर्णतः सामान्य, पर्याप्त भंडार से उपभोक्ताओं को राहत, होम डिलीवरी सुदृढ़, पीएनजी कनेक्शन विस्तार एवं बैकलॉग समाप्ति को प्रशासन प्रतिबद्ध

वरदान न्यूज । मधेपुरा

समाहरणालय परिसर स्थित सूचना भवन में आज आयोजित प्रेस वार्ता में जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं पीएनजी गैस कनेक्शन की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। प्रेस वार्ता में बताया गया कि जिले में लगभग चार लाख उपभोक्ता हैं तथा वर्तमान में एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया गया कि गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है, अतः घबराने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही अपील की गई कि उपभोक्ता अनावश्यक रूप से सिलेंडर का संग्रह न करें और आवश्यकता अनुसार ही गैस प्राप्त करें। जिले में इंडियन ऑयल, एचपीसीएल एवं बीपीसीएल की कुल 40 गैस एजेंसियों (आईओसीएल-18, एचपीसीएल-15 एवं बीपीसीएल-7) के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इस माह प्रतिदिन औसतन लगभग 4,737 सिलेंडरों की खपत हो रही है। दिनांक 10 अप्रैल 2026 को जिले में 12,897 भरे हुए घरेलू सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि 09 अप्रैल को 5,339 सिलेंडरों की बिक्री दर्ज की गई। वर्तमान में वितरकों द्वारा 8,574 सिलेंडरों की मांग की गई है तथा 234 वाणिज्यिक सिलेंडर भी उपलब्ध हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। यदि किसी उपभोक्ता को 2–3 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं होती है, तो वे जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06476-222220 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि गैस की आपूर्ति सीधे उपभोक्ताओं के घर तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे। प्रशासन द्वारा एलपीजी गैस की कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जिले में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) के विस्तार हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 3,450 पीएनजी कनेक्शन के लिए निबंधन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2,948 घरों में जीआई इंस्टॉलेशन पूर्ण हो चुका है, जो आगामी 1–2 दिनों में सक्रिय हो जाएगा। शेष 450 कनेक्शन चार्जिंग प्रक्रिया में हैं तथा लगभग 800 कनेक्शन शीघ्र सक्रिय होने की स्थिति में हैं, जिन्हें इस सप्ताह के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी गैस एलपीजी की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं किफायती है। अतः उपभोक्ताओं से इसका अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की गई है। इच्छुक उपभोक्ता इंडियन ऑयल कार्यालय, घोष लेन पथ, वार्ड संख्या-20, नगर परिषद मधेपुरा में संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि एलपीजी बैकलॉग को समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की विलंब की स्थिति उत्पन्न न हो। अंत में जिला प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग, संयम एवं जागरूकता बनाए रखने की अपील की है, ताकि गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू, पारदर्शी एवं निर्बाध बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!