कृषि टास्क फोर्स की बैठक में प्रगति की समीक्षा, लक्ष्यपूर्ति हेतु सख्त निर्देश, उर्वरक कालाबाजारी पर कार्रवाई तेज, सभी प्रखंडों में 100% सत्यापन सुनिश्चित करने का आदेश

वरदान न्यूज मधेपुरा।आज दिनांक 04 अप्रैल 2026 को जिलाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में झल्लू बाबू सभागार में जिलास्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गरमा फसल आच्छादन, उर्वरक उपलब्धता एवं विभिन्न कृषि योजनाओं की समीक्षा की गई। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि गरमा मौसम में 46,719.57 हेक्टेयर आच्छादन लक्ष्य के विरुद्ध कार्य प्रगति पर है। उर्वरक कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर नियंत्रण हेतु QRT एवं उर्वरक निरीक्षकों द्वारा सघन छापामारी की जा रही है। रबी 2025-26 के दौरान 593 छापामारी में 06 मामलों में अनियमितता पाई गई, जिसमें एक प्राथमिकी दर्ज करते हुए कुल 06 अनुज्ञप्तियाँ रद्द की गईं। जिलाधिकारी ने सभी उर्वरक प्रतिष्ठानों का 100% POS एवं भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने, निर्धारित मूल्य पर उर्वरक बिक्री कराने तथा प्रतिदिन निरीक्षण प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही शिकायतों के त्वरित निष्पादन हेतु पंजी संधारण अनिवार्य किया गया। मधेपुरा, घैलाढ़, कुमारखंड एवं चौसा प्रखंडों में 10 दिनों के भीतर 50% से अधिक प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। अनुसूचित जाति एवं जनजाति कृषकों की सूची तैयार कर योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने, आत्मा योजना के तहत प्रगतिशील कृषकों को राज्य से बाहर प्रशिक्षण हेतु भेजने तथा प्रशिक्षण उपरांत कार्ययोजना पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। उद्यानिकी, पशुपालन, गव्य विकास एवं मत्स्य विभाग को भी लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास से कृषि विकास को गति देने पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!