


वरदान न्यूज मधेपुरा। आज दिनांक 31 मार्च 2026 को संध्या 07:00 बजे जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा श्री संदीप सिंह के संयुक्त नेतृत्व में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मधेपुरा सहित ओ एस डी संतोष कुमार के साथ मधेपुरा प्रखंड अंतर्गत बुधमा पंचायत स्थित चाँदनी चौक के समीप थोक उर्वरक विक्रेता बालाजी इंटरप्राइजेज के गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें डीएपी, एमओपी एवं एनपीके उर्वरक निर्धारित मात्रा में उपलब्ध पाए गए। साथ ही स्टॉक रजिस्टर एवं सेल रजिस्टर का गहन अवलोकन किया गया, जो 31 मार्च 2023 तक अद्यतन पाया गया। निरीक्षण के क्रम में प्रतिष्ठान के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में लगभग 100 से अधिक खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को उनके द्वारा आपूर्ति की जाती है। प्रतिष्ठान में सीसीटीवी कैमरे भी अधिष्ठापित पाए गए, जिससे गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित होती है। इसके अतिरिक्त, जिले के अन्य प्रखंडों—मुरलीगंज, घैलाढ़, गम्हरिया एवं उदाकिशुनगंज—में भी प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा पुलिस पदाधिकारियों के सहयोग से अपने-अपने क्षेत्रों में खुदरा उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा किसानों को समय पर उचित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
