जिलाधिकारी, सुपौल की अध्यक्षता में कार्यालय वेश्म में आयोजित हुई जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक

वरदान न्यूज।दिनांक 01.04.2026 को श्री सावन कुमार, भा०प्र०से०, जिलाधिकारी, सुपौल की अध्यक्षता में उनके कार्यालय वेश्म में जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीविका परियोजना अंतर्गत सभी प्रखंडों के प्रखंड परियोजना प्रबंधक एवं जिला परियोजना प्रबंधक उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य वित्तीय वर्ष 2025-26 के लक्ष्यों की समीक्षा करना तथा आगामी कार्ययोजना एवं रणनीतियों का निर्धारण करना था। जिलाधिकारी महोदय द्वारा जीविका के विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि विभिन्न बैंकों के सहयोग से क्रेडिट लिंकेज (03 एवं 04) को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जीविका दीदियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सके। साथ ही, कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से आय वृद्धि के अवसर सृजित कर जीविका समूहों को अधिक लाभ पहुंचाने पर बल दिया गया।
उन्होंने कृषि विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जीविका दीदियों को कृषि आधारित गतिविधियों से जोड़ने तथा उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत सभी लाभार्थी दीदियों को समय पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, प्रति सप्ताह कम से कम तीन सफल कहानियां साझा करने के निर्देश दिए गए, ताकि अन्य दीदियों को प्रेरणा मिल सके एवं योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव का व्यापक प्रसार हो सके। जिला प्रशासन, सुपौल द्वारा संबंधित सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समन्वित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!