जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, घबराने की नहीं है आवश्यकता

वरदान न्यूज:- मधेपुरा  जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के पदाधिकारी कक्ष में जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी के संयुक्त रूप से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच मधेपुरा जिला प्रशासन एवं गैस वितरकों ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू उपयोग हेतु रसोई गैस सिलेंडर का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। सभी उपभोक्ताओं से अपील की जाती है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं तथा केवल आवश्यकता होने पर ही गैस प्राप्त करें। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार, अंतिम सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों के पश्चात ही नया सिलेंडर बुक किया जा सकता है तथा बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। मधेपुरा जिले में कुल 4,04,080 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जिनमें से 2,78,661 उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आते हैं। इनमें से कई उपभोक्ताओं का केवाईसी अद्यतन नहीं है, जिसे शीघ्र पूरा कराने का अनुरोध किया गया है। दिनांक 23 मार्च 2026 को जिले में 7078 सिलेंडरों की बिक्री हुई जबकि  24 मार्च 2026 को 14486 सिलेंडर गोदामों में उपलब्ध है। यह स्थिति स्पष्ट करती है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, एवं आपूर्ति  सामान्य रूप से जारी है। उपभोक्ताओं की सुविधा एवं त्वरित समाधान हेतु जिला प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की सहायता या शिकायत के लिए उपभोक्ता दूरभाष संख्या 06476-222220 पर संपर्क कर सकते हैं।
एल पी जी गैस सिलेंडर की प्राप्ति में होनेवाली समस्याओं से निजात पाने हेतु शहरी क्षेत्र में लगभग 1200 घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इच्छुक उपभोक्ता इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), पाइपलाइन डिवीजन, ईस्टर्न रीजन, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट, वार्ड संख्या-20, घोष पथ, आजाद नगर, मधेपुरा स्थित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। यहां स्कीम A5 (₹6500) एवं स्कीम B5 (₹7650) के अंतर्गत कनेक्शन उपलब्ध हैं। वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए भी चयनित प्रतिष्ठानों में PNG सुविधा प्रदान की जा रही है। जिला प्रशासन एवं खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा गैस आपूर्ति एवं वितरण प्रणाली की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर और सुचारु रूप से गैस उपलब्ध हो सके। आम जनता से अपील है कि वे धैर्य बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें एवं प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!