उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार थीम पर सजा भव्य सांस्कृतिक उत्सव

बिहार दिवस पर कला भवन में 45 से अधिक रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन

बिहार दिवस के अवसर पर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित कला भवन में भव्य एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस वर्ष बिहार दिवस का आयोजन “उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार” थीम पर किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन एडीएम आपदा मुकेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, ओएसडी संतोष कुमार, उत्पाद अधीक्षक दुर्गेश कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी, प्रख्यात समाजसेवी एवं साहित्यकार डॉ. भूपेंद्र नारायण यादव ‘मधेपुरी’ तथा समाजसेवी मो. शौकत अली द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के उपरांत अतिथियों का स्वागत पौधा एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। उद्घाटन के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक श्रृंखला आरंभ हुई, जो देर शाम तक निरंतर चलती रही। कार्यक्रम में कुल 45 से अधिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें नृत्य एवं गायन प्रमुख रहे। बच्चों ने बिहार के पारंपरिक लोकगीतों, पर्व-त्योहारों एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर सजीव रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में सृजन दर्पण, प्रांगण रंगमंच, नवाचार रंगमंडल, डी फार डी, चिल्ड्रेन फ्यूचर एकेडमी मुरलीगंज, बीके पब्लिक स्कूल, ब्राइट एंजल्स स्कूल, होली क्रॉस गर्ल्स स्कूल तथा मध्य विद्यालय जगजीवन आश्रम सहित अनेक शिक्षण संस्थानों एवं स्थानीय कला समूहों के बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों की ऊर्जा, प्रतिभा और उत्साह ने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण छठ, होली एवं सामा-चकेवा जैसे बिहार के पारंपरिक पर्वों पर आधारित प्रस्तुतियां रहीं, जिन्हें कलाकारों ने नृत्य एवं संगीत के माध्यम से अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। दर्शक दीर्घा में उपस्थित लोगों ने इन प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया और तालियों की गूंज से पूरा सभागार गुंजायमान हो उठा। उपस्थित अधिकारियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिकाओं एवं जीविका दीदियों द्वारा समाहरणालय परिसर एवं कला भवन के समक्ष आकर्षक रंगोली बनाई गई, जो स्थानीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर रही थी। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल भी लगाए गए, जिनमें नवाचार एवं विज्ञान से जुड़े प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया गया। जूनियर वैज्ञानिक आनंद विजय के नेतृत्व में ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्कूल, सिंहेश्वर एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), मधेपुरा द्वारा वीर रक्षक, ऑटोमैटिक रेलवे क्रॉसिंग गेट, मेडिसिन रिमाइंडर, वेस्ट सेपरेशन सिस्टम एवं ऑटोमैटिक पार्किंग सिस्टम जैसे अभिनव प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए गए। इसके साथ ही सदर अस्पताल द्वारा कार्यक्रम स्थल पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समग्र रूप से बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम जिले की सांस्कृतिक समृद्धि, प्रतिभा एवं नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!