भगवान की पेंटिंग बनाकर लोगों के आस्था के साथ किया जा रहा है खिलवाड़ : विनीता

लोग मजबूर जरूर हैं, शहर को गंदा करने की नहीं है उनकी मानसिकता

शहर सुंदर बने अच्छी बात है। इसमें हम सब नगर प्रशासन के साथ हैं, लेकिन शहर को सुंदर बनाने के नाम पर हमारे एवं नगर की जनत के आस्था के साथ खिलवाड़ करना कहीं से भी उचित नहीं है। हमारे नगर की जनता नगर प्रशासन के उदासीनता एवं लापरवाही से परेशान एवं समस्या के आगे यत्र-यत्र मूत्र त्याग एवं कचरा फेंकने को मजबूर हैं। शहर को गंदा करने की उनकी मानसिकता नहीं है। उक्त बातें मधेपुरा नगर परिषद की पूर्व पार्षद एवं पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनीता भारती ने कही। कुमारी विनीता भारती ने कहा कि जनता भी चाहती है कि हमारा मधेपुरा स्वच्छ एवं सुंदर बने। वह नगर परिषद द्वारा किए जा रहे समाज हित के सभी कार्यों में उनके साथ खड़े हैं। जनता भी समस्या का समाधान चाहती है, लेकिन नगर प्रशासन पहले समाधान तो निकाले। कुमारी विनीता भारती ने कहा कि मधेपुरा में नगर प्रशासन द्वारा इन दिनों शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के नाम पर जो पेंटिंग बनाई गई है, वह नगर की जनता के आस्था के साथ सिर्फ और सिर्फ खिलवाड़ है। नगर प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न ऐसे स्थलों के दीवारों पर भगवान की पेंटिंग बनाई गई है, जहां लोगों द्वारा कचरा फेंका जाता था या मूत्र त्याग किया जाता था। जबकि बाजार में आज भी कई जगह शौचालय नहीं है। जहां शौचालय है, वह या तो गंदा है या फिर संचालित नहीं है। जिस वजह से आम नागरिक यत्र-तत्र मूत्र त्याग करने को मजबूर होते हैं। खाश करके मां-बहनों को मुख्य बाजार में काफी परेशानी का सामान करना पड़ता है। कुमारी विनीता भारती ने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के आड़ में भगवान की पेंटिंग बनाकर लोगों को परेशान एवं उनके आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। जिसे नगर की जनता स्वीकार नहीं करेगी। सदर अनुमंडल कार्यलय परिसर में शौचालय है, लेकिन यह किसी को जानकारी नहीं है। इसका कारण है कि वह आम लोगों के लिए खुला नहीं है, लेकिन उसके आसपास भगवान का पेंटिंग बना दिया गया है, जो गलता है। उसी तरह जीवन सदन रोड में भी भगवान का पेंटिंग बना दिया गया है, लेकिन उसके आसपास शौचालय नहीं है, जो दुःखद है। पहले नगर परिषद सभी जगहों पर शौचालय की उचित व्यवस्था करे। साथ ही भगवान की पेंटिंग को नगर प्रशासन अविलंब हटाए, अन्यथा वरीय पदाधिकारियों से मिलूंगी और बिहार के नगर विकास मंत्री से भी मिलकर नगर की समस्याओं से अवगत कराउंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!