जनगणना 2027 की तैयारी तेज : मकान सूचीकरण एवं गणना को लेकर मधेपुरा में त्रिदिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शुरू

भारत की आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को सफल, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मधेपुरा में दो स्तरीय त्रिदिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आज किया गया। दिनांक 14 मार्च 2026 से 16 मार्च 2026 तक आयोजित प्रथम चरण का प्रशिक्षण डीआरडीए परिसर स्थित झल्लू बाबू सभागार, मधेपुरा में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी सह जिला जनगणना पदाधिकारी, मधेपुरा के मार्गदर्शन में अपर समाहर्ता (राजस्व) सह प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह जनगणना चार्ज पदाधिकारी सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारीगण भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान , जनगणना निदेशालय, पटना से आए मास्टर ट्रेनर द्वारा जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में मकान सूचीकरण, मकानों की गणना, डेटा संकलन की प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों का उपयोग, कार्य के समयबद्ध निष्पादन तथा त्रुटिरहित कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ,जिला भू अर्जन पदाधिकारी ,जिला योजना पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनगणना कार्य से जुड़े चार्ज पदाधिकारी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न तकनीकी पहलुओं को समझ रहे हैं, ताकि आगामी जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके। प्रशिक्षण का द्वितीय चरण दिनांक 17 मार्च 2026 से 19 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। आगामी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्यक्रम 2 मई 2026 से 31 मई 2026 तक निर्धारित है, जिसके सफल क्रियान्वयन हेतु इस प्रशिक्षण में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!