जिलाधिकारी ने जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, कार्यालय व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

दिनांक 14 मार्च 2026 को जिलाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन द्वारा समाहरणालय परिसर स्थित सूचना भवन में संचालित जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय का सायंकाल औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में संचालित विभिन्न प्रकार की कार्यालयी संचिकाओं, पंजीयों एवं अभिलेखों की मांग कर उनका गहन अवलोकन किया तथा कार्यालय कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने पाया कि कार्यालय में काफी पुरानी एवं जर्जर हो चुकी समाचार पत्रों एवं अन्य सामग्रियों का अनावश्यक रूप से संग्रहित होना पाया गया है, जिनकी वर्तमान में कोई उपयोगिता नहीं है। इस पर उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि ऐसी अनुपयोगी एवं जर्जर सामग्रियों का नियमानुसार यथाशीघ्र रद्दीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यालय परिसर सुव्यवस्थित एवं साफ-सुथरा बना रहे। जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि भविष्य में कार्यालय परिसर की स्वच्छता एवं सुव्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यालय का वातावरण साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित रहने से कार्य निष्पादन की दक्षता भी बढ़ती है। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने कार्यालय के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कार्यालय के रख-रखाव, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा कार्यालय व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने का परामर्श दिया। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि कार्यालय को अधिक व्यवस्थित, आधुनिक एवं कार्यक्षम बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि जनसंचार से जुड़े कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकें। निरीक्षण के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यालय की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!