
महिलाएं समाज की रीढ़, समूह की शक्ति से आगे बढ़ें : —जिलाधिकारी अभिषेक रंजन

दिनांक 08 मार्च 2026 को झल्लू बाबू सभागार, मधेपुरा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन, जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) श्री नील कमल चौधरी तथा विभिन्न प्रखंडों से आईं जीविका दीदियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए। कुमारखंड की रीना देवी एवं सविना खातून ने अपनी प्रगति यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि जीविका से जुड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामाजिक क्षेत्र, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, रंगोली प्रतियोगिता एवं दीदी अधिकार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जीविका दीदियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन ने कहा कि देश की आधी आबादी महिलाएं हैं और वे समाज की रीढ़ हैं। जीविका दीदियां जिस समर्पण के साथ कार्य कर रही हैं, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यदि और बेहतर परिणाम प्राप्त करने हैं तो समूह में मिलकर कार्य करना आवश्यक है, क्योंकि समूह में अपार शक्ति होती है। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) श्री नील कमल चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत महिलाओं को जो सहयोग मिला है, उसका सदुपयोग कर उन्हें आगे बढ़ना चाहिए और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम में कुलदीप कुमार, अमितेश कुमार, पद्माकर मिश्र, संदीप कुमार, चंदन कुमार, फूलवती कुमारी, स्तुति कुमारी सहित कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थीं।
