सुपौल में धूमधाम से निकली बाबा श्याम की निशान यात्रा, जयकारों से गूंजा शहर

मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव के आवास से निकली भव्य निशान यात्रा

सुपौल। वरदान न्यूज़ ब्यूरो चीफ राजीव रंजन

देश के विभिन्न शहरों में शुक्रवार को बाबा श्री श्याम के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में सुपौल शहर में भी श्री श्याम परिवार की ओर से श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी परिसर में बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। आयोजन को लेकर शहर में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
जन्मोत्सव कार्यक्रम के तहत शुक्रवार की सुबह 7:30 बजे नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव के निज आवास से भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में शहर के श्रद्धालु एवं भक्त शामिल हुए। श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए, भक्ति गीतों की धुन पर नाचते-गाते शहर के विभिन्न मार्गों से नगर भ्रमण करते हुए आगे बढ़े। निशान यात्रा के दौरान पूरा शहर बाबा के जयघोष से गूंज उठा। जगह-जगह भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। नगर भ्रमण के बाद श्रद्धालुओं ने निशान बाबा श्री श्याम को अर्पित किया।
ज्योत पूजन व भजन संध्या
जन्मोत्सव के मुख्य यजमान मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव की ओर से शाम छह बजे बाबा का ज्योत पूजन प्रारंभ किया जाएगा। पूजन एवं आरती के बाद भक्ति भजन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें कटिहार से पधारे भजन गायक धीरज सिंह राजपूत तथा कोलकाता से आईं भजन गायिका नेहा राजपूत बाबा के दरबार में एक से बढ़कर एक भक्ति रस से भरपूर भजनों की प्रस्तुति देंगी। भजन संध्या में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति संगीत का आनंद लेते हुए बाबा की आराधना करेंगे। कार्यक्रम देर रात तक चलेगा।

केक काटकर मनाया गया बाबा का जन्मोत्सव
आयोजन का मुख्य आकर्षण रात 11 बजे बाबा श्री श्याम का जन्मोत्सव होगा। इस अवसर पर आकर्षक आतिशबाजी के बीच श्रद्धालुओं के जोश, उमंग और जयकारों के साथ केक काटकर बाबा का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए श्री श्याम परिवार, श्री श्याम नारायणी परिवार तथा श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी संचालन समिति के सभी सक्रिय सदस्य पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं। आयोजन को लेकर शहर के श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!