
वरदान न्यूज / सुनील कुमार
पिपरा (सुपौल)। संत कबीर की अमृतवाणी, आध्यात्मिक संदेश और भक्ति की अविरल धारा से पिपरा प्रखंड क्षेत्र के पथरा उत्तर पंचायत अंतर्गत जोल्हनियां गांव शुक्रवार को भक्तिमय हो उठा। कबीर आश्रम जोल्हनियां में संत कबीर विचार प्रसार मंच के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय सत्संग एवं ध्यानाभ्यास महोत्सव का श्रद्धा और उत्साह के साथ समापन हुआ। महोत्सव में सत्य, प्रेम और सत्संग के प्रति आस्था रखने वाले हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

सत्संग में संत कबीर की वाणी सुनने तथा आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर संतवाणी, भजन और भक्ति भाव से गुंजायमान रहा।
महोत्सव में रोसड़ा महादेव मठ से पहुंचे आचार्य महंत सुरेश साहेब जी महाराज ने अपने प्रवचन में संत कबीर के विचारों, जीवन दर्शन एवं आध्यात्मिक मार्ग की विस्तारपूर्वक व्याख्या की। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में प्रेम, सद्भाव, मानवता, भक्ति और आत्मचिंतन का विशेष महत्व है। संत कबीर की वाणी हमें सामाजिक भेदभाव, अहंकार और वैमनस्य से ऊपर उठकर मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से संत कबीर के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने, समाज में आपसी भाईचारा कायम रखने तथा प्रेम और सद्भाव के साथ जीवन व्यतीत करने का आह्वान किया।
सत्संग के साथ आयोजित ध्यानाभ्यास कार्यक्रम में भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ध्यान एवं साधना के माध्यम से मन की शांति, आत्मचिंतन और आध्यात्मिक चेतना जागृत करने पर जोर दिया गया।
महंत गरीब साहेब एवं समस्त जोल्हनियां ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में गरीब दास, रघुनी बाबा, नारायण बाबा, कपलेश्वर दास, सीताराम पंडित, रामजतन साहेब, पवन कुमार, हीरा दास, राजेन्द्र दास, रामफल दास एवं कालीचरण दास सहित अनेक संत-महात्माओं ने अपने विचार रखे और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
दो दिनों तक चले इस महोत्सव में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं ने संत कबीर के बताए प्रेम, सत्य, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
