मैसाम युवा सम्मान के बाद डॉ. नीरा मिश्रा स्मृति साहित्य सम्मान–2026 से होंगी सम्मानित, दो लेखिकाओं को संयुक्त रूप से मिला सम्मान
वरदान न्यूज़ ब्यूरो चीफ राजीव रंजन
सुपौल।
मैथिली साहित्य जगत में सुपौल की युवा कवयित्री दीपिका चन्द्रा ने एक और उपलब्धि हासिल की है। उनके कविता संग्रह चौकठिसँ चान दिस’को प्रतिष्ठित डॉ. नीरा मिश्रा स्मृति साहित्य सम्मान–2026 के लिए चयनित किया गया है। इससे पहले वर्ष 2025 में इसी कविता संग्रह के लिए उन्हें मैसाम युवा सम्मान से नवाजा जा चुका है। एक ही पुस्तक को लगातार दो प्रतिष्ठित साहित्यिक सम्मानों के लिए चुना जाना दीपिका चन्द्रा की साहित्यिक प्रतिभा और रचनात्मक पहचान को मजबूती प्रदान करता है।
डॉ. नीरा मिश्रा सामाजिक सरोकार न्यास की ओर से प्रदान किए जाने वाले इस सम्मान के लिए पिछले तीन वर्षों में प्रकाशित नौ पुस्तकों को निर्णायक मंडल के समक्ष रखा गया था। चार सदस्यीय निर्णायक मंडल ने पुस्तकों का मूल्यांकन किया। इस दौरान दीपिका चन्द्रा की ‘चौकठिसँ चान दिस’ और निवेदिता झा की ‘युद्ध नहि शान्ति’ को समान अंक प्राप्त हुए। निर्णायक मंडल के निर्णय के बाद दोनों पुस्तकों को संयुक्त रूप से सम्मानित करने का फैसला लिया गया।
किसुन संकल्प लोक, सुपौल से प्रकाशित ‘चौकठिसँ चान दिस’ दीपिका चन्द्रा का मैथिली कविता संग्रह है। इसमें स्त्री जीवन के विविध पक्षों, सामाजिक सरोकारों, संवेदनाओं, संघर्षों और जीवन के अनुभवों को काव्यात्मक अभिव्यक्ति दी गई है। सम्मान के तहत दोनों लेखिकाओं को 25-25 हजार रुपये की नकद राशि, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
सम्मान समारोह ‘नीर मैथिली स्त्री रचनाकार सम्मेलन–2026’ के अवसर पर दक्षिण काशी, नांजनगुड, मैसूरु में कपिला नदी के पावन तट पर आयोजित किया जाएगा।
सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत बेलापट्टी गांव की रहने वाली दीपिका चन्द्रा साहित्य, शिक्षा, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। कविता एवं गद्य लेखन के साथ-साथ वह रेडियो कार्यक्रमों के संचालन से भी जुड़ी हैं।
उनकी रचनाओं में स्त्री अस्मिता, सामाजिक विषमता, मानवीय संवेदना, संघर्ष, पर्यावरण संरक्षण, लोकतांत्रिक चेतना और सामाजिक बदलाव की आकांक्षा प्रमुख रूप से अभिव्यक्त होती है। सहज जीवनानुभवों को व्यापक सामाजिक सरोकारों से जोड़ने वाली उनकी लेखनी मैथिली साहित्य की नई पीढ़ी में एक विशिष्ट पहचान बना रही है।
दीपिका चन्द्रा की इस उपलब्धि पर साहित्यकार डॉ. सुभाष चन्द्र यादव, डॉ. महेन्द्र, केदार कानन, रमण कुमार सिंह, किसलय कृष्ण, डॉ. रेणु कुमारी, रामकुमार चौधरी, आशीष चमन एवं डॉ. संजय वशिष्ठ सहित अनेक साहित्यकारों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है। उन्होंने इस सम्मान को सुपौल जिले के साथ-साथ मैथिली भाषा और साहित्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
मैथिली साहित्य में अपनी रचनात्मक यात्रा से लगातार पहचान बना रहीं दीपिका चन्द्रा की यह उपलब्धि जिले की साहित्यिक प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायी मानी जा रही है।

