दालकोला जांच चौकी पर मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई, ई-रिक्शा से 7.925 लीटर विदेशी शराब बरामद; तीन तस्कर गिरफ्तार

वरदान न्यूज | पूर्णिया।

पूर्णिया जिले में अवैध शराब के कारोबार एवं तस्करी के खिलाफ जिला प्रशासन और मद्यनिषेध विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। इसी कड़ी में समेकित जांच चौकी, दालकोला पर चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान मद्यनिषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा ई-रिक्शा से 7.925 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब परिवहन में प्रयुक्त ई-रिक्शा को भी जब्त कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला पदाधिकारी पूर्णिया श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की तस्करी एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान अवर निरीक्षक मद्यनिषेध श्री राजकमल को गुप्त सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल की ओर से एक महिंद्रा ई-रिक्शा के माध्यम से अवैध विदेशी शराब लाकर दालकोला जांच चौकी के रास्ते परिवहन किया जाने वाला है।
सूचना मिलते ही मद्यनिषेध थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समेकित जांच चौकी, दालकोला पहुंचकर वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी क्रम में संदिग्ध महिंद्रा ई-रिक्शा (निबंधन संख्या BR 11 PD 5770) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 7.925 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद टीम ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया।
इस कार्रवाई के संबंध में विभाग द्वारा अग्रेतर कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। सहायक आयुक्त मद्यनिषेध, पूर्णिया श्री लाला अजय कुमार सुमन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में शराब तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
सीमावर्ती इलाकों पर विभाग की पैनी नजर
मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों एवं प्रमुख जांच चौकियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अवैध शराब के परिवहन और कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!