नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू, बाजारों में उमड़ी भीड़

छठ घाटों की सफाई अंतिम चरण में,
डीएम-एसपी समेत अधिकारियों ने किया निरीक्षण;
व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर

सुपौल।

लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इसके साथ ही जिलेभर में छठ पर्व को लेकर भक्तिमय माहौल बन गया है। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में छठ पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजार पूजन सामग्री, फल, सूप, दउरा और अन्य आवश्यक सामानों से सज गए हैं। फल एवं मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है।
नहाय-खाय के अवसर पर छठ व्रतियों ने स्नान कर शुद्धता और पवित्रता के साथ कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण किया। घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इधर, छठ पर्व को लेकर जिले के विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई, रोशनी, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस, नगर परिषद के मुख्य पार्षद सहित संबंधित अधिकारी विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। प्रशासन का विशेष जोर इस बात पर है कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो तथा पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल मसंपन्नन्न हो। सुरक्षा को लेकर यातायात आरक्षी उपाधीक्षक कमलेश्वरी प्रसाद एवं यातायात थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण यादव दलबल के साथ पूरे शहर में भ्रमण करते रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!